80 रुपये के उधार का विवाद बना मौत की वजह मारपीट में महिला की मौत, लाइव वीडियो आया सामने

जमुई में 80 रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो सामने आया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

80 रुपये के उधार का विवाद बना मौत की वजह मारपीट में महिला की मौत, लाइव वीडियो आया सामने
80 रुपये के उधार का विवाद बना मौत की वजह मारपीट में महिला की मौत, लाइव वीडियो आया सामने
Image Slider
Image Slider
Image Slider

जमुई। मलयपुर थाना क्षेत्र के पतौना पहाड़ स्थित पतनेश्वर मंदिर के पास बकाया 80 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि मंजू देवी पिछले करीब छह वर्षों से पतौना पहाड़ के पास जनरल स्टोर की दुकान चलाती थीं। परिजनों के अनुसार, एक युवक ने उनकी दुकान से करीब 80 रुपये का सामान उधार लिया था। बकाया राशि मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी दौरान रामु मांझी और शंभू मांझी, पिता इंद्रदेव मांझी के साथ विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

परिजनों के मुताबिक, मारपीट के दौरान मंजू देवी अपने पुत्र मंटू पंडित को बचाने के लिए पहुंचीं, इसी दौरान उन्हें भी चोट लगी। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इस घटना से जुड़ा मारपीट का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर जमुई सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है।

मृतका के पुत्र मंटू पंडित ने आरोप लगाया है कि बकाया पैसा मांगने को लेकर विवाद हुआ और उनकी मां के साथ मारपीट की गई। वहीं, पुलिस वीडियो फुटेज, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।